बहरी के अमहा तिराहे पर सड़क हादसा, बाइक सवार महिला-पुरुष की मौत

बहरी के अमहा तिराहे पर सड़क हादसा, बाइक सवार महिला-पुरुष की मौत
सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमहा तिराहे पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बलकर वाहन ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार महिला और पुरुष सीधी की ओर जा रहे थे, जबकि बलकर वाहन सिंगरौली की दिशा से आ रहा था। अमहा तिराहे के पास अचानक बलकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बलकर चालक वाहन लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटनास्थल पर मृतक पुरुष की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सिंगरौली जिले के ग्राम खुरमुचा निवासी नौगई रावत के रूप में की जा रही है। महिला मृतक की पहचान परिजनों के आने के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने पर बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में शामिल बलकर वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




