रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ पकड़ा, लोकायुक्त की कार्रवाई

रीवा: लोकायुक्त रीवा की टीम ने शुक्रवार को एक ट्रैप कार्रवाई करते हुए पटवारी नवीन गुप्ता (हल्का बरेही, तहसील रायपुर कर्चुलियान) को ₹500 की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा।
शिकायतकर्ता राजेश कुमार यादव, निवासी ग्राम महसुआ ने 4 दिसंबर को शिकायत दी थी कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम खरीदी गई भूमि का नामांतरण कराने के बदले पटवारी ₹2000 की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें मांग सही साबित हुई।
इसके बाद 6 दिसंबर को टीम ने कृष्णाकुंज कॉलोनी स्थित आरोपी के घर पर ट्रैप कार्रवाई की। ऑपरेशन के दौरान पटवारी नवीन गुप्ता शिकायतकर्ता से ₹500 की रिश्वत लेते पकड़ा गया। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक उपेंद्र दुबे, प्रभारी पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त प्रवीण सिंह परिहार, स्वतंत्र शासकीय गवाह और अन्य दल सदस्य शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान लगातार जारी है। साथ ही आमजन से अपील की है कि रिश्वत मांगने पर तुरंत मोबाइल नंबर 98936-07619 पर संपर्क करें।




