छुहिया घाटी में बड़ा हादसा टला, सागवान का पेड़ बना यात्रियों का रक्षक

छुहिया घाटी में बड़ा हादसा टला, सागवान का पेड़ बना यात्रियों का रक्षक
सीधी। जिले की छुहिया घाटी में बुधवार बड़ा सड़क हादसा टल गया। रीवा से रामपुर जा रही तिवारी कंपनी की एक यात्री बस बेकाबू होकर खाई में गिरने से बाल-बाल बची। बस में सवार 29 यात्रियों की जान सलामत रही, जबकि पांच यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में घाटी के ढलान पर उतर रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस खाई की ओर लुढ़कने लगी। लेकिन सड़क किनारे खड़े एक सागवान के पेड़ ने ‘रक्षक’ बनकर बस को थाम लिया। पेड़ से टकराकर बस खाई में गिरने से रुक गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि पेड़ न होता तो बस सीधे गहरी खाई में जा सकती थी और बड़ा जनहानि की आशंका थी। हादसे के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। स्वास्थ्य अधिकारी राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि घायलों को सिर और आंख में हल्की चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है।
रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि बस नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे झुक गई थी, लेकिन चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर बस को संभाल लिया। उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और चालक को आगे से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की हिदायत दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छुहिया घाटी क्षेत्र में मोड़ और ढलान अधिक होने के कारण वाहनों को नियंत्रित गति में चलाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।




