सीधी पुलिस की तत्परता – लापता किशोर महज 3 दिवस में बनारस (उ.प्र.) से सुरक्षित बरामद।

सीधी। थाना जमोड़ी क्षेत्रांतर्गत दिनांक 07 अक्टूबर 2025 को एक परिजन द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनका नाबालिग पुत्र घर से नानी के घर जाने की बात कहकर निकला था, परंतु न तो वह नानी के घर पहुंचा और न ही वापस लौटा। परिजनों द्वारा आस-पड़ोस एवं रिश्तेदारी में तलाश करने पर भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया तथा पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं डीएसपी मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
टीम द्वारा सतत प्रयास एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर महज 03 दिनों के भीतर लापता किशोर को बनारस (उत्तर प्रदेश) से दस्तयाब कर सुरक्षित थाना लाया गया। वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत किशोर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
दस्तयाब किए गए किशोर से जब पुलिस ने घर से बाहर जाने का कारण पूछा, तो उसने बताया कि मोबाइल चलाने की बात को लेकर परिजनों द्वारा डांट-फटकार किए जाने पर वह मानसिक रूप से आहत हुआ और बिना बताए घर छोड़कर चला गया।
पुलिस ने बच्चे को समझाइश दी कि घर छोड़ना किसी समस्या का समाधान नहीं है तथा परिवार के साथ संवाद बनाकर अपनी बात रखना ही सबसे उचित मार्ग है।
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक आर.डी. साकेत, प्रधान आरक्षक आशीष एवं आरक्षक के.पी. सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
सीधी पुलिस की अपील –
सीधी पुलिस सभी परिजनों से अपील करती है कि वे अपने बच्चों पर सदैव स्नेहपूर्वक ध्यान रखें तथा उनकी गतिविधियों पर संवेदनशील दृष्टि बनाए रखें।
बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना, उनकी भावनाओं को समझना और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देना अत्यंत आवश्यक है।
डांट-फटकार या अनुशासन संतुलित एवं समझदारीपूर्ण रूप से करें, ताकि बच्चों में भय नहीं बल्कि विश्वास, आत्मीयता और सुरक्षा का भाव विकसित हो सके।




