नवागत थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने संभाली कुशमी थाने की कमान, अपराध पर कड़े कदम की तैयारी

सीधी/कुसमी। जिले के कुशमी थाने में नए थाना प्रभारी के रूप में अरुणा द्विवेदी ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्होंने क्षेत्र की स्थिति पर विस्तृत जानकारी ली।
नई थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी की सख्त छवि
अरुणा द्विवेदी इससे पहले उमरिया जिले में थानाध्यक्ष के पद पर पदस्थ थीं। वहां उनकी ईमानदार और सख्त कार्यशैली की काफी चर्चा रही। उनकी बेदाग छवि और कार्यकुशलता को देखते हुए ही उन्हें कुशमी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपराध नियंत्रण और जनता का विश्वास प्राथमिकता
मीडिया से बातचीत में नई थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण, अवैध शराब तस्करी पर नकेल कसना और शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास और सकारात्मक छवि को मजबूत करना भी उनका महत्वपूर्ण लक्ष्य रहेगा।
चुनौतियों से निपटना होगा अहम
हालांकि कुशमी क्षेत्र में समय-समय पर अवैध गतिविधियों और कानून व्यवस्था की चुनौतियां सामने आती रही हैं। ऐसे में नए थाना प्रभारी के लिए अपराधियों पर लगाम कसने के साथ-साथ जनता का भरोसा जीतना भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।




