छुहिया घाटी कांड में ₹30 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, भागने की कोशिश में गिरा

सीधी। छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल पर हमला कर पुलिस अभिरक्षा से बंदी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर ले जाने के मामले में सीधी पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय पटेल (30), निवासी कुइयाँ कला, थाना मनगवां, जिला रीवा के रूप में हुई है। उस पर ₹30 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश के दौरान मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा के पास उसकी मौजूदगी की सूचना मिली। भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया, इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई और आरोपी को पकड़ लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस दल पर हमले और बंदी को छुड़ाकर ले जाने की घटना में अपनी भूमिका के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस उसके बयानों का उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर परीक्षण कर रही है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन और सीधी एसपी संतोष कोरी के नेतृत्व में सीधी एवं रीवा पुलिस के समन्वय से की गई। प्रकरण रामपुर नैकिन थाने में अपराध क्रमांक 1000/2026 के तहत दर्ज है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत कार्रवाई की जा रही है।




