कुसमी के स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ पर प्रतियोगिताएं, बच्चों ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर

सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को कुसमी विकासखंड के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर रंगों और शब्दों के जरिए विकसित भारत की अपनी कल्पना प्रस्तुत की।
चित्रों में स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, जल संरक्षण, हरित पर्यावरण, डिजिटल भारत, आधुनिक कृषि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार जैसे विषय प्रमुख रहे। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने युवाओं के अवसर, गांवों में आधुनिक सुविधाओं और सामाजिक समरसता को विकसित भारत के लिए जरूरी बताया।
बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ावा देना है। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से अपने विचार रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक सद्भाव के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर जोर दिया। आयोजन से बच्चों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच और प्रभावी अभिव्यक्ति को भी बढ़ावा मिला।




