मध्य प्रदेश
एमपी में भीषण सड़क हादसा, मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; मासूम समेत 2 की मौत, 17 घायल

मंदसौर। महू-नीमच राजमार्ग पर ग्राम लखमाखेड़ी के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में 6 वर्षीय बालिका प्रियंका और 45 वर्षीय महिला बसंती की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 लोग सवार थे, जिनमें रेलवे ठेकेदार के यहां काम करने वाले मजदूरों के साथ उनके बच्चे भी शामिल थे। सभी मंदसौर से उज्जैन की ओर जा रहे थे।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और मिनी ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।




