पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने थाना अमिलिया का वार्षिक निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश

सीधी। पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता लाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने शुक्रवार को थाना अमिलिया का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखाओं का विस्तृत अवलोकन किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने परेड और टर्नआउट का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत परेड से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक ने बल के टर्नआउट की जांच की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को मौके पर पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया। साथ ही स्टाफ से स्वास्थ्य और व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली और तुरंत समाधान हेतु निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने शाखाओं की समीक्षा की
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, विवेचना कक्ष, शिकायत शाखा, सीसीटीएनएस कक्ष, समंस-वारंट शाखा और VCNB रजिस्टर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि माइक्रो बीट रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट हों और VCNB रजिस्टर में राजनीतिक, सामाजिक व भौगोलिक स्थिति का स्पष्ट विवरण दर्ज हो।


पुलिस अधीक्षक ने दिए प्रमुख निर्देश
निरीक्षण के दौरान डॉ. वर्मा ने पुलिस कार्य में डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म और ICJS ऐप्स के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही लंबित शिकायतों, मर्ग, अपराध व चालानों का समयबद्ध निराकरण करने को कहा। उन्होंने गंभीर अपराधों के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निगरानी बदमाशों की सरप्राइज चेकिंग, अवैध रेत-शराब-जुआ पर जीरो टॉलरेंस और रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य पर किया सम्मान
निरीक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी, परिवीक्षाधीन डीएसपी सुजीत कड़वे सहित थाना अमिलिया के अधिकारी व स्टाफ मौजूद रहे।




