शिवसेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट पर अव्यवस्था और प्रदूषण के गंभीर आरोप

सीधी। शिवसेना इकाई ने सोमवार को कलेक्टर के नाम एसडीएम गोपद बनास को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि बघवार क्षेत्र में संचालित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट द्वारा गंभीर अव्यवस्थाएँ, प्रदूषण और रोजगार में अनियमितताएँ फैलाई जा रही हैं।
शिवसेना नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों की समस्याएँ
ज्ञापन में बताया गया कि सरदा, पटना, मझिगवा, पीपराव और बघवार हरिजन-आदिवासी बस्तियाँ प्रदूषण और गंदगी से प्रभावित हैं।
गांव का मुख्य मार्ग, भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से खतरनाक बन चुका है।
प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों ट्रकों से धूल और प्रदूषण ने जीवन दूभर कर दिया है।
प्राथमिक विद्यालय के पास से ट्रकों का आना-जाना बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है।
ग्रामीणों ने दुर्घटना की आशंका भी जताई है।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
संगठन का कहना है कि पूर्व में भी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ठेकेदारों द्वारा मनमानी और कुछ लोगों को आर्थिक लाभ पहुँचाकर इस अवैध गतिविधि को बढ़ावा दिया जा रहा है।
शिवसेना की प्रमुख माँगें
1. ग्राम पंचायत बघवार के मुख्य मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन तत्काल रोका जाए।
2. सीमेंट फैक्ट्री के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण किया जाए।
3. ग्रामीणों और विद्यालय के बच्चों की सुरक्षा व स्वास्थ्य हेतु ठोस कदम उठाए जाएँ।
4. प्रदूषण और अव्यवस्थाओं से प्रभावित गांवों को राहत दी जाए।
5. प्लांट में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार दिया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
शिवसेना इकाई ने स्पष्ट कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर समाधान नहीं किया गया तो संगठन और ग्रामीण बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रमुख रूप से मौजूद रहे
प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे, संभाग उपाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोले, ओमकार सिंह परिहार, प्रकाश सिंह मोनू, आशीष सिंह चौहान, कमलेंद्र सिंह सच्चू, जनक राज सिंह, भोला कोल, जमुना साकेत, सुंदर रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




