चलती कार बनी आग का गोला, समय रहते बाहर निकले पुलिसकर्मी और परिवार

गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिंघड़िया के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे कार आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि कार में सवार पुलिसकर्मी और उनके परिजन समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
बीमार पिता को देखने गए थे पुलिसकर्मी
जानकारी के मुताबिक, गोंडा जिले में हेड मुहर्रिर के पद पर तैनात पुलिसकर्मी सुशील कुमार अपने बीमार पिता को देखने के लिए झंगहा थाना क्षेत्र स्थित गांव गए थे। वहां से लौटते समय उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। जैसे ही उनकी कार गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर सिंघड़िया के पास पहुंची, अचानक इंजन से चिंगारी निकली और देखते ही देखते पूरी कार में आग लग गई।
आवागमन बाधित, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
कार में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सड़क पर मौजूद अन्य वाहनों को वहां से हटाया। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर घंटों तक यातायात बाधित रहा।
इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।




