स्पा सेंटर में पुलिस की छापेमारी, देह व्यापार में लिप्त 11 लोग हिरासत में

सीधी। पुलिस अधीक्षक सीधी डॉ. रविंद्र वर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती गायत्री तिवारी के नेतृत्व में सीधी पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर देह व्यापार में संलिप्त 11 लोगों को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई में 5 महिलाएं एवं 6 पुरुष शामिल हैं, जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
घटना का विवरण
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती गायत्री तिवारी को थाना प्रभारी जमोडी उपनिरीक्षक दिव्यप्रकाश त्रिपाठी से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के दक्षिण करौदिया इलाके में स्थित “द थाई स्पा सेंटर” की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर छापा मारा।
पुलिस को स्पा सेंटर के अंदर काउंटर नुमा केबिन में एक व्यक्ति मिला, जिसने अपना नाम सुदर्शन गुप्ता (पिता सपन गुप्ता, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम उसरा, थाना सिंहपुर, जिला सतना) बताया और स्वयं को स्पा सेंटर का मैनेजर बताया।
इसके बाद जब स्पा सेंटर के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई, तो वहां 5 महिलाएं और 5 पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई, जिसे विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया। इस कृत्य को अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 4, 5 और 6 के तहत दंडनीय पाते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरोपियों की पहचान
पकड़ी गई 5 महिलाओं में से 3 पश्चिम बंगाल की, 1 उत्तर प्रदेश की और 1 मणिपुर की रहने वाली है। वहीं, पुरुष आरोपियों में से कुछ जिला सीधी और कुछ सतना के निवासी हैं।
पुलिस द्वारा इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।




