उज्जैन में पूर्व पार्षद गुड्डू कलीम की हत्या: घर में घुसकर मारी गोली!

ए आर न्यूज लाइव- उज्जैन में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पूर्व पार्षद गुड्डू कलीम की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले घर के सभी सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और फिर गुड्डू कलीम के सिर में गोली मारी। इस वारदात को अंजाम देने में उनकी अपनी लाइसेंसी बंदूक का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और इस मामले में पार्षद के बेटे और पत्नी से पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद का मामला हो सकता है। इससे पहले 4 अक्टूबर को गुड्डू कलीम पर एक और जानलेवा हमला हुआ था, जब वह सुबह के समय मॉर्निंग वॉक पर थे। उस दिन एक कार से उतरे व्यक्ति ने उन पर गोली चलाई थी, जिससे बचने के लिए गुड्डू कलीम ने नाले में छलांग लगा दी थी और उनके हाथ की हड्डी टूट गई थी। इस हमले को लेकर उन्होंने नीलगंगा पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन इससे पहले कि पुलिस जांच पूरी कर पाती, उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस को संदेह है कि इस हत्याकांड में घर का ही कोई सदस्य शामिल हो सकता है, क्योंकि घटना के पहले सीसीटीवी कैमरे बंद करना और बंदूक की सही जगह पता होना, परिवार के किसी करीबी के ही जानकारी में हो सकता है। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है।
इस वारदात ने उज्जैन में सनसनी फैला दी है, और पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।




