18 हजार रुपये के लालच में 60 वर्षीय बकरी व्यापारी की हत्या, जंगल में दफनाया शव; 12 घंटे में खुलासा
धनतेरस की सुबह बकरी खरीदने निकले लख्खू चिकवा को दो युवकों और एक नाबालिग ने बनाया निशाना; गला घोंटकर हत्या के बाद शव मिट्टी में दबाया, लूटी रकम आपस में बांटी

सीधी। धनतेरस के दिन बकरी खरीदने निकले 60 वर्षीय व्यापारी लख्खू चिकवा की महज 18 हजार रुपये के लिए हत्या कर दी गई। आरोप है कि दो युवकों और एक विधि विरुद्ध बालक ने व्यापारी का गला घोंटकर हत्या की और शव को बौलिया घाट के जंगल में नाले के पास दफना दिया। वारदात के बाद उसकी लुना गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी और रुपये आपस में बांट लिए। अतरैला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
बकरी खरीदने निकले थे, फिर नहीं लौटे घर
अतरैला थाना क्षेत्र के चौखण्डी गांव निवासी लख्खू चिकवा बकरी खरीदने-बेचने का कारोबार करते थे। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को धनतेरस की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी लुना गाड़ी से 18 हजार रुपये लेकर कुरैली की ओर बकरी खरीदने निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल बंद मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
झाड़ियों में मिली लुना, नाले के पास दफन था शव
तलाश के दौरान पुलिस को ग्राम कुरैली में बरसाती त्रिपाठी की पहाड़ी जमीन की झाड़ियों में लख्खू की लुना गाड़ी छिपी मिली। पास ही नाले के किनारे मिट्टी की नई परत दिखाई दी। संदेह होने पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम को मौके पर बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में मिट्टी हटाई गई तो नीचे लख्खू चिकवा का शव मिला। परिजनों ने शव की पहचान की।
18 हजार रुपये के लिए की हत्या
पुलिस के मुताबिक, संदेह के आधार पर बुद्धसेन कोल और प्रभुनाथ कोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने एक विधि विरुद्ध बालक के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रुपये छीनने के उद्देश्य से व्यापारी का गला घोंटकर हत्या की और शव को नाले के पास मिट्टी में दबा दिया। इसके बाद लुना गाड़ी झाड़ियों में छिपाकर 18 हजार रुपये आपस में बांट लिए और मृतक का मोबाइल भी अपने साथ ले गए।
12,600 रुपये, मोबाइल और लुना जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की लुना गाड़ी, 12 हजार 600 रुपये और नीले रंग का नोकिया कीपैड मोबाइल जब्त किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की गई। दोनों बालिग आरोपियों और विधि विरुद्ध बालक को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
लख्खू चिकवा का शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने अकेला बाजार में चक्काजाम कर डभौरा, सिरमौर और रामबाग मार्ग पर आवागमन रोक दिया। करीब तीन घंटे तक विरोध प्रदर्शन चला। ग्रामीण वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर तहसीलदार और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
एसपी के निर्देशन में गठित हुई थीं पुलिस टीमें
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा और एसडीओपी डभौरा नारायण सिंह कुम्हरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अतरैला विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के अनुसार, अतरैला थाना टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
धनतेरस की सुबह कारोबार के लिए घर से निकले लख्खू चिकवा की हत्या की इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया है, लेकिन त्योहार के दिन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।




