सीधी में 200 विद्यार्थियों को पुलिस ने सिखाए सुरक्षा के गुर, डायल-112 और कोतवाली का कराया भ्रमण
जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यशाला में साइबर अपराध, कानूनी अधिकारों, सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति पर दी गई जानकारी

सीधी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सीधी में पुलिस विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें करीब 200 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कानून, नागरिक अधिकारों, साइबर सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक युवा स्वयं के साथ परिवार और समाज की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशे और सड़क दुर्घटनाओं जैसी चुनौतियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
डायल-112 और कोतवाली की कार्यप्रणाली समझी
कार्यशाला में विद्यार्थियों को सामुदायिक पुलिसिंग, आपराधिक न्याय व्यवस्था, कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों, डिजिटल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और आपातकालीन सहायता के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद विद्यार्थियों को डायल-112 इकाई और थाना कोतवाली का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने आपातकालीन पुलिस सेवा और थाने की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाना और नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना भी है। उन्होंने युवाओं से कानून का पालन करने, नशे से दूर रहने और किसी अपराध या आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, महाविद्यालय के प्राचार्य के.एस. नेताम, निरीक्षक देवेंद्र करवेती, थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी और उप निरीक्षक तरुण बेड़िया सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. मुकेश कुमार यादव ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. दिलीप कुमार सोनी ने किया। अंत में डॉ. अनिल कुमार सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




