पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन, परिजनों का हुआ सम्मान

सीधी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस परेड ग्राउंड में कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, कलेक्टर विकास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि देश की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए प्रेरणा है।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने शहीदों के त्याग को देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके बलिदान से कर्तव्य के प्रति निष्ठा और समाज में शांति व सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। वहीं, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस शहीद पुलिसकर्मियों के साहस, अनुशासन और समर्पण को याद करने का अवसर है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, डीएसपी मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी, एसडीओपी चुरहट रविप्रकाश कौल, डीएसपी आजाक रावेंद्र द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




