सीधी में हॉस्टल से लापता 17 वर्षीय छात्रा सकुशल मिली, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

सीधी। जिले में हॉस्टल से लापता हुई 17 वर्षीय छात्रा को कोतवाली पुलिस ने सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। छात्रा के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
24 जुलाई को हॉस्टल से निकली थी छात्रा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्ष 10 माह की बेटी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर कक्षा 12वीं की पढ़ाई करती है। 24 जुलाई 2026 को वह घर जाने की बात कहकर हॉस्टल से निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची।
परिजनों ने मोबाइल फोन के जरिए उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चला। अंततः परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस की तलाश के बाद सकुशल दस्तयाबी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने छात्रा की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। पुलिस ने उसे सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी का निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी का मार्गदर्शन रहा।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
छात्रा की तलाश और दस्तयाबी की कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक विनोद त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक अब्दुल और महिला आरक्षक संतोषी का योगदान रहा।
सीधी पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए छात्रा को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।




