MPPSC छात्रों से मिले कलेक्टर, बोले- लक्ष्य तय करें और लगातार मेहनत करते रहें

सीधी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में MPPSC की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से कलेक्टर विकास मिश्रा ने संवाद किया। उन्होंने छात्रों की पढ़ाई, तैयारी की रणनीति और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर चर्चा की और उनके सवालों के जवाब दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा केवल ज्ञान की परीक्षा नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन, निरंतरता और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य तय कर नियमित अध्ययन, बेहतर समय प्रबंधन और समसामयिक घटनाओं से अपडेट रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान सफलता और असफलता दोनों से सीखना चाहिए। अपेक्षित परिणाम न मिलने पर निराश होने के बजाय अपनी कमियों का विश्लेषण कर रणनीति में बदलाव करना जरूरी है।
संवाद के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपने सपनों को लक्ष्य में बदलें और उसे हासिल करने के लिए हर दिन पूरी निष्ठा के साथ प्रयास करें।




