सिहावल में 43 करोड़ के शैक्षणिक प्रोजेक्ट का लोकार्पण, NEET-JEE छात्रों से बोले प्रभारी मंत्री

सीधी। सिहावल में विद्यार्थियों को बड़ी शैक्षणिक सौगात मिली है। प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने 43 करोड़ 60 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति वाले शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास का लोकार्पण किया।
लोकार्पण के बाद प्रभारी मंत्री ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर कक्षों, शैक्षणिक सुविधाओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने NEET और JEE की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद भी किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए जिद, जुनून, अनुशासन और निरंतर मेहनत को अपनी ताकत बनाएं। उन्होंने कहा कि बड़ा लक्ष्य रखने से बड़ी उपलब्धि हासिल करने का प्रयास भी बढ़ता है।
प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों को सरकार की मुख्यमंत्री स्कूटी योजना और प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना की जानकारी देते हुए बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें भी वितरित की गईं।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने नवीन विद्यालय परिसर को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर प्रशासन का फोकस रहेगा।




