17 से 25 अगस्त तक फार्मर रजिस्ट्री का विशेष अभियान, पंचायत भवनों में मिलेंगे पटवारी और सर्वेयर

सीधी। जिले में किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिए 17 से 25 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर विकास मिश्रा ने एग्रीस्टैक योजना के तहत शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान पटवारी और लोकल युवा सर्वेयर सभी कार्य दिवसों में संबंधित ग्राम पंचायत भवन में मौजूद रहेंगे। किसान यहां पहुंचकर अपनी फार्मर आईडी बनवा सकेंगे। उनकी उपस्थिति की जानकारी ग्राम पंचायत के व्हाट्सएप समूह सहित अन्य माध्यमों से पहले ही दी जाएगी।
पटवारी फार्मर रजिस्ट्री के साथ लंबित आवेदनों, खसरा-नक्शा संबंधी विसंगतियों और पीएम-किसान से जुड़े प्रकरणों का भी निराकरण करेंगे। किसानों को पंचायत भवन तक लाने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में ग्राम कृषि विस्तार अधिकारी, पंचायत सचिव और रोजगार सहायक सहयोग करेंगे।
अभियान की निगरानी के लिए पटवारियों को पंचायत भवन से जीपीएस लोकेशन, दिनांक और समय वाली सेल्फी संबंधित राजस्व अधिकारियों के समूह में भेजनी होगी। एसडीएम और तहसीलदार नियमित निरीक्षण करेंगे तथा रोजाना अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान अनुपस्थित रहने या काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में पंचायत भवन पहुंचकर अपनी फार्मर आईडी का पंजीयन अवश्य कराएं।



