सीधी

बहरी पुलिस की बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार; शासकीय राशन दुकानों में चोरी का खुलासा

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले की बहरी थाना पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं चोरी में प्रयुक्त डीसीएम वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी मध्यप्रदेश के कई जिलों सहित अन्य राज्यों में भी सक्रिय रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

मायापुर की चोरी से खुला पूरा मामला

31 जुलाई 2026 की रात ग्राम मायापुर स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश बड़ी मात्रा में गेहूं और चावल चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद बहरी पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की।

जांच के दौरान डीसीएम वाहन क्रमांक UP96T-5039 संदिग्ध पाया गया। वाहन के पूर्व स्वामी अखिलेश जायसवाल (सतना) से पूछताछ में पता चला कि वाहन रीवा निवासी राजबहोर साकेत को बेचा जा चुका है।

बिलासपुर से आरोपी गिरफ्तार, कई वारदातें कबूलीं

पुलिस ने राजबहोर साकेत को बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों संतोष पटेल, अमर पटेल और अन्य तीन लोगों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अमर पटेल को रीवा जिले के ढेकहा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मायापुर के अलावा बहरी थाना क्षेत्र के पड़रिया, तरका और खोचीपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में भी चोरी करना स्वीकार किया।

कई जिलों में दर्ज हैं चोरी के मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के विरुद्ध रीवा, मऊगंज, पन्ना, सतना, शहडोल और मैहर सहित कई जिलों के विभिन्न थानों में चोरी के अनेक प्रकरण दर्ज हैं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि गिरोह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होकर संपत्ति संबंधी अपराधों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त डीसीएम वाहन (UP96T-5039) जब्त कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है और गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक अविनेश चौधरी, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह, आरक्षक चैतन्य मिश्रा, राजकमल सिंह एवं प्रभात तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सीधी पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अंतरराज्यीय अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button