सीधी

हनुमानगढ़ को मिली बड़ी सौगात: 1.24 करोड़ की लागत से बने उप तहसील भवन का प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया लोकार्पण

34 पटवारी हल्कों के किसानों और आमजन को मिलेगा सीधा लाभ, अब स्थानीय स्तर पर होंगे राजस्व संबंधी कार्य

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले के हनुमानगढ़ क्षेत्र को प्रशासनिक सुविधाओं की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने 1 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन उप तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस भवन के शुरू होने से क्षेत्र के 34 पटवारी हल्कों के किसानों, कास्तकारों और आम नागरिकों को अब राजस्व कार्यों के लिए रामपुर नैकिन या चुरहट नहीं जाना पड़ेगा।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार प्रशासनिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उप तहसील कार्यालय के संचालन से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख सुधार सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का स्थानीय स्तर पर त्वरित और पारदर्शी निराकरण होगा। इससे लोगों का समय और धन दोनों बचेंगे तथा उन्हें शीघ्र न्याय मिल सकेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें तथा किसानों और आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राजस्व व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाना है।

प्रभारी मंत्री ने किसानों के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर लगभग 56 लाख हेक्टेयर हो गया है। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे खेती की लागत कम करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल रही है।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही हैं। उप तहसील कार्यालय शुरू होने से हजारों किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और राजस्व सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध होंगी।

पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी ने कहा कि हनुमानगढ़ में उप तहसील कार्यालय की लंबे समय से मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान, नगर परिषद रामपुर नैकिन अध्यक्ष रामकुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, सरपंच प्रभा नारायण तिवारी, नारायण तिवारी, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button