MPPSC Prelims 2026: भीषण गर्मी के बीच परीक्षा सम्पन्न, अभ्यर्थियों के परिजनों के लिए खास इंतजाम

सीधी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 रविवार को जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
संयुक्त कलेक्टर एवं परीक्षा प्रभारी अधिकारी राजेश शुक्ला ने बताया कि जिले में कुल 2812 परीक्षार्थी नामांकित थे। प्रथम पाली में 1053 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 353 अनुपस्थित रहे। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 में 365 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 135 अनुपस्थित रहे। शासकीय कन्या महाविद्यालय में 382 उपस्थित और 118 अनुपस्थित दर्ज किए गए। वहीं संजय गांधी स्मृति शासकीय महाविद्यालय (ब्लॉक-बी) में 306 परीक्षार्थी उपस्थित और 100 अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली में 1047 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 359 अनुपस्थित रहे। उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 में 361, कन्या महाविद्यालय में 381 तथा संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय ब्लॉक-बी में 305 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
परिजनों के लिए विशेष व्यवस्था रही खास भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के साथ आए परिजनों के लिए विशेष इंतजाम किए गए। केंद्रों पर छायादार स्थान, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पूरी परीक्षा प्रक्रिया जिले में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।




