सीधी कलेक्टर निरीक्षण: अस्पताल में स्टाफ गायब मिला, विकास कार्यों पर भी सख्त चेतावनी

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन निरीक्षण कर विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने कई जगह व्यवस्थाओं की सराहना की, वहीं लापरवाही मिलने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत पनवार बघेलान में खेत तालाब का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने हितग्राही को मत्स्य पालन और कृषि आधारित गतिविधियों से आय बढ़ाने के सुझाव दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम कर हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
पनवार चौहान टोला में बने चेक डैम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत साफ-सफाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल संरक्षण संरचनाओं का सही उपयोग और देखभाल जरूरी है।
ग्राम पंचायत झगरहा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों और सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर कलेक्टर ने गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं पंचायत भवन के उत्कृष्ट निर्माण पर सरपंच की सराहना करते हुए इसे अन्य पंचायतों के लिए उदाहरण बताया।
निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर स्थिति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया में सामने आई, जहां चिकित्सकों और स्टाफ की अनुपस्थिति पाई गई। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तकनीकी अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




