सीधी बस स्टैंड पर सख्त जांच: नियम तोड़ने पर 18 बसों पर कार्रवाई, 25,500 का जुर्माना

सीधी। नवीन बस स्टैंड पर जिला परिवहन विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बसों के दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही बसों में लगे अग्निशमन यंत्रों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित सीटों के चिन्हों की भी समीक्षा की गई। साथ ही यात्रियों से किराए के संबंध में पूछताछ कर यह सुनिश्चित किया गया कि उनसे निर्धारित दर से अधिक शुल्क तो नहीं लिया जा रहा।
जांच में कई बसों में अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें अग्निशमन यंत्र की एक्सपायरी, आरक्षित सीटों का स्पष्ट उल्लेख न होना और अधिक किराया वसूलना शामिल है। इन कमियों के आधार पर 18 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 25,500 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे मोटरयान अधिनियम के नियमों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।




