सीधी में रहस्यमयी मौत: रात से लापता व्यक्ति का सुबह नहर में मिला शव

सीधी: जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम कपुरी बेदलियान के पास बाणसागर नहर में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान किशोरी लाल बंसल (45) के रूप में हुई है, जो रविवार रात से लापता थे।
नहर में शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
नहर किनारे पशु चराने गए ग्रामीणों ने देखा शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर के पास पशु चराने गए ग्रामीणों ने पानी में शव को तैरते हुए देखा। कुछ ही देर में यह सूचना पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।
12 फीट गहरे पानी में उतरकर ग्रामीणों ने दिखाया साहस
ग्रामीण लवकुश गुप्ता और उनके साथियों ने अद्भुत साहस दिखाते हुए तेज बहाव और करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर की पंचनामा कार्रवाई
सूचना मिलते ही चुरहट थाना प्रभारी दीपक सिंह बघेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और आगे की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों द्वारा रामपुर नैकिन थाने में दर्ज कराई गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार जिस नहर में शव मिला है, वह सिहावल की ओर जाती है और बाणसागर नहर के नाम से जानी जाती है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला हादसा है, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद से गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।




