धान उपार्जन में पारदर्शिता के लिए कलेक्टर के निर्देश, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

सीधी- कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार जिले में धान उपार्जन कार्य को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य उपार्जन प्रक्रिया में गुणवत्ता, तौल, भंडारण तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना रहा।
निरीक्षण क्रम में दिनांक 29 दिसंबर 2025 को गांधीग्राम उपार्जन केंद्र का निरीक्षण डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी प्रियल सिंह तथा जेएसओ राजेश कुमार सिंह द्वारा किया गया। वहीं मझौली क्षेत्र अंतर्गत सुमन महिला स्व-सहायता समूह अमेढ़िया स्थित उपार्जन केंद्र का निरीक्षण जेएसओ अभिषेक सनोडिया द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त मझौली उपार्जन केंद्र का निरीक्षण शाखा प्रबंधक मझौली द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपार्जन केंद्रों पर की जा रही व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान धान की गुणवत्ता, सही तौल, अभिलेख संधारण, बारदाना की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन व्यवस्था का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता न हो।
अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्ता परीक्षण, समय पर परिवहन और भुगतान प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखा जाए।
जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के मार्गदर्शन में धान उपार्जन कार्य की निरंतर निगरानी की जा रही है, जिससे खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत किसानों को समय पर उचित मूल्य प्राप्त हो सके और उपार्जन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं भरोसेमंद बनी रहे।




