सोन नदी में मिली 56 वर्षीय महिला की लाश — चप्पलें मिलने के बाद से थी गुमशुदा

सीधी: खड्डी चौकी अंतर्गत ग्राम पोस्ता की 56 वर्षीय दुजी सिंह गोंड़, जो पिछले तीन दिनों से लापता थीं, उनका शव गुरुवार सुबह सोन नदी से बरामद किया गया। महिला की पहचान उनके चश्मे और पैर में पहनी पायल के आधार पर की गई। शव भंवरसेन पुल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला।
दुजी सिंह सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। शाम तक घर न लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की। कुछ ही देर बाद भंवरसेन पुल के पास उनकी चप्पलें उतरी हुई मिलीं, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताई।
ग्राम शिकारगंज के निवासी राम प्रताप ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने एक महिला को पुल से सोन नदी में छलांग लगाते देखा था। इस सूचना के बाद पुलिस और SDERF की टीम ने लगातार तीन दिनों तक नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की।
गुरुवार सुबह तलाशी के दौरान SDERF टीम को नदी किनारे झाड़ियों में फंसा हुआ शव दिखाई दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने कहा कि नदी का तेज बहाव तलाशी अभियान में बड़ी चुनौती था, लेकिन टीम लगातार सर्च में लगी रही। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या की ओर संकेत करता है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही स्पष्ट होगा।
परिजनों के अनुसार, दुजी सिंह पिछले एक महीने से मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। बेटा शुभम सिंह ने बताया कि मां घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिवार ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तुरंत चौकी खड्डी या नजदीकी थाना से संपर्क करें।




