शिवसेना की चेतावनी: 10 दिन में न हटी दारू भट्टी बस स्टैंड से तो होगा उग्र आंदोलन

सीधी। शहर के मुख्य बस स्टैंड पर संचालित दारू भट्टी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने आबकारी विभाग के जिला अधिकारी संतोष सिंह से मुलाकात कर दारू भट्टी बस स्टैंड से हटाने की मांग दोहराई। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना उग्र आंदोलन करेगी।
दारू भट्टी बस स्टैंड से हटाने की मांग तेज
शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने कहा कि बस स्टैंड पर स्थित शराब भट्टी के कारण यात्रियों, महिलाओं और बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आए दिन विवाद, झगड़े और अशांति का माहौल बनता है। प्रतीक्षालय शराबियों का अड्डा बन चुका है, जिससे व्यापारियों के साथ मारपीट जैसी घटनाएँ बढ़ रही हैं।
धार्मिक आस्था पर भी असर
विवेक पांडे ने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड के पास ही वीर हनुमान मंदिर है। यहाँ गणेश उत्सव और नवरात्रि में प्रतिमाएँ स्थापित होती हैं। शराब भट्टी के कारण धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुँच रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि पूरे मध्यप्रदेश में कहीं भी बस स्टैंड पर शराब भट्टी नहीं है, तो सीधी में क्यों संचालित की जा रही है।
अंतिम चेतावनी और आंदोलन की तैयारी
शिवसेना ने बताया कि पहले भी आवेदन देकर शराब भट्टी हटाने की मांग की गई थी। इस बार संगठन ने साफ कर दिया है कि 10 दिनों में यदि कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूरन “दे दनादन” आंदोलन करना पड़ेगा। कार्यकर्ता शराब भट्टी के सामने बैठकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन थे शामिल
इस मुलाकात के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे के साथ संभाग संयोजक संत कुमार केवट, जिला अध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोला, नगर अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह चौहान उर्फ मुन्ना, आशीष सिंह चौहान और साजन कुमार मौजूद रहे।




