भीषण सड़क हादसा: पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, पांच गंभीर घायल।

सीधी। मझौली थाना क्षेत्र के मड़वास पुलिस चौकी के पास बुधवार रात साढ़े 10 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राम गणेश पनिका (35), उनके बेटे शशि पनिका (4), और रघुवीर सिंह गौड़ (खामघाटी) के रूप में हुई है। घायलों में रामकली पनिका, बृजेश गौड़, राखी गौड़ (बच्ची), आनंद बहादुर गौड़ और राजीव रामप्रसाद गौड़ शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर पनिका परिवार के तीन सदस्य सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर गौड़ परिवार के पांच लोग यात्रा कर रहे थे। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि राम गणेश, उनके बेटे शशि, और रघुवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में राखी गौड़ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत सीधी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मड़वास चौकी प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि मृतकों के शवों को मझौली मर्चुरी में रखा गया है और गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया गया।
घटनास्थल पर बिखरी टूटी हुई बाइक और सामान हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे। यह हादसा घने अंधेरे के कारण और भी भयावह हो गया, जिससे राहत कार्य में मुश्किलें आईं।




