मुख्यमंत्री ने गोतरा में 142 मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्रों का किया वितरण..

मुख्यमंत्री ने गोतरा में 142 मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्रों का किया वितरण..
हितग्राहियों के साथ किया सहभोज
प्रदेश के हर गरीब को जमीन का मालिक बनाएंगे – मुख्यमंत्री
*रिपोर्ट*👉 अरुण मिश्रा
सीधी l मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के हर गरीब को जमीन का मालिक बनाएंगे। प्रदेश में कोई भी व्यक्ति घर बनाने के लिए जमीन के टुकडे़ से वंचित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अभियान चलाकर 21 हजार एकड़ जमीन माफिया के चंगुल से मुक्त कराई है। यह जमीन गरीब परिवारों को बांटी जाएगी। गरीबों को गांवों में उपलब्ध शासकीय जमीन में पट्टे दिए जाएंगे। आवश्कता पड़़ी तो जमीन खरीदकर भी पट्टों का वितरण करेंगें। मुख्यमंत्री ने उक्त बातें जिले के धौहनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोतरा में 142 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पट्टों का वितरण करने के बाद कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जमाने को बदलने आया हूॅ। हर गरीब को उसका हक मिलेगा। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि ऐसे भूमिहीन गरीब जिनके पास अपना घर बनाने की जमीन नहीं है प्रदेश सरकार उन्हें जमीन का पट्टा देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से उन परिवारों को भी लाभ मिलेगा जिसमें एक छोटे से घर में कई लोग संयुक्त रूप से साथ रह रहें हैं। परिवार तो बड़ा होता गया लेकिन उनके पास जमीन का टुकड़ा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन गरीबों के लिए खुशी का दिन है और मैं उनके साथ खुशियों में शामिल होने आया हूं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के विषय में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना बहनों के सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगी। प्रदेश सरकार इस योजना में हर पात्र बहन को प्रत्येक माह एक हजार रूपये उनके खाते में देगी जिससे छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बहनों को किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा।
बहनों के हाथ का भोजन कर आत्मा प्रसन्न हो जाती है
————-
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हितग्राहियों के साथ बैठकर सहभोज किया। उन्होने परंपरागत ढंग से बने स्थानीय व्यंजनों को बड़े चाव से खाया। उन्होंने बहनों के हाथों से बने स्थानीय व्यंजन कोदो की खीर, मेझरी की खीर, रिकमच की सब्जी, कटहल की सब्जी, मऊहरी पूड़ी, महुआ के लड्डू, महुआ तिली मिक्स लाटा, मुनगा के पत्ते की पूड़ी एवं पराठे, मक्के की रोटी का बड़े चाव से स्वाद लिया। उन्होंने कहा कि बहनों के हाथ का भोजन कर आत्मा प्रसन्न हो जाती है।
उल्लेखनीय है कि भगवान बिरसा मुंडा नगर उत्तर टोला गोतरा में 142 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पट्टा 10मी x 6 मी साइज के चिह्नांकित कर लाटरी के माध्यम से वितरित किए गए हैं। उक्त प्लॉट के लिए 6 मी चौड़ाई की मुख्य रोड एवं 4 मी चौड़ाई की सहायक रोड बनायी गई है तथा प्रत्येक प्लॉट का सामना 4 मी की रोड में है। भगवान बिरसा मुंडा नगर में पीने के पानी हेतु 2 बोर किए गए हैं , पार्क निर्मित किया गया है। इसके साथ-साथ सामुदायिक भवन , आंगनबाड़ी भवन , सामुदायिक शौचालय , नाली , तालाब , प्राथमिक शाला इत्यादि का भी प्रावधान किया गया है। यह पट्टा वितरण एक कॉलोनी के रूप में विकसित कर प्लॉट बनाकर किया गया है जो कि सीधी जिले का अभिनव प्रयास है।
इस अवसर पर प्रदेश की जनजातीय कार्य मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री मीना सिंह, सांसद श्रीमती रीती पाठक, विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह, सरपंच गोतरा श्रीमती फूलबाई पनिका सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक श्री देव कुमार सिंह चौहान, कमिश्नर रीवा संभाग श्री अनिल सुचारी, डीआईजी श्री मिथिलेश शुक्ल, कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्री राहुल धोटे, एसडीएम कुसमी श्री आर के सिन्हा, एसडीओपी श्री विवेक गौतम, ईई आरईएस श्री हिमांशु तिवारी, तहसीलदार श्री रोहित सिंह परिहार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी तथा हितग्राही उपस्थित रहे।




