पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को शेष प्राकृतिक जीवन तक आजीवन कारावास
भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र का मामला; विशेष पॉक्सो न्यायालय ने सुनाई सजा, पीड़िता के भविष्य के लिए 6 लाख रुपये प्रतिकर देने का भी आदेश

भोपाल। पांच वर्षीय बालिका के साथ गंभीर यौन अपराध के मामले में विशेष पॉक्सो न्यायालय ने आरोपी अजीत राय उर्फ बाबू को शेष प्राकृतिक जीवन तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश श्रीमती कुमुदिनी पटेल की अदालत ने 14 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। न्यायालय ने पीड़िता के भविष्य को ध्यान में रखते हुए 6 लाख रुपये का प्रतिकर देने का आदेश भी पारित किया है।
कई धाराओं में दोषी करार, अलग-अलग सजाएं
विशेष लोक अभियोजक दिव्या शुक्ला के अनुसार, न्यायालय ने आरोपी को धारा 65(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 5(एम)/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत आजीवन कारावास और 100 रुपये अर्थदंड से दंडित किया है।
इसके अतिरिक्त धारा 137(2) बीएनएस, धारा 87 बीएनएस और धारा 123 बीएनएस के तहत पांच-पांच वर्ष का सश्रम कारावास एवं प्रत्येक धारा में 100 रुपये अर्थदंड तथा धारा 115(2) बीएनएस के तहत एक वर्ष का सश्रम कारावास और 100 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।
मंदिर के पास से बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया था आरोपी
अभियोजन के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2025 की है। पीड़िता की मां अपनी दो बेटियों के साथ 1100 क्वार्टर स्थित हनुमान मंदिर गई थी। इसी दौरान पांच वर्षीय बच्ची अपनी बहन की बेटी के साथ मंदिर के पास खेल रही थी। कुछ देर बाद मां ने देखा तो बच्ची वहां से गायब थी। तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला, जिसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जांच के दौरान बच्ची को दस्तयाब किया। अभियोजन के मुताबिक, बच्ची के चेहरे पर चोट के निशान और सूजन थी तथा उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि एक व्यक्ति कुरकुरे और चॉकलेट दिलाने का लालच देकर उसे ऑटो में जंगल की ओर ले गया और उसके साथ यौन हिंसा की। अभियोजन के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को डराकर शराब और गुटखा भी दिया था।
डीएनए रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सुनाया फैसला
मामले में हबीबगंज थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 532/2025 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की थी। जांच पूरी होने के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मौखिक एवं दस्तावेजी साक्ष्य, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की श्रृंखला और डीएनए रिपोर्ट प्रस्तुत की। इन साक्ष्यों एवं तर्कों से सहमत होकर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक दिव्या शुक्ला और नवीन श्रीवास्तव ने पैरवी की।




