सीधी

समग्र शिक्षा अभियान की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में नामांकन, अपार आईडी, प्रोफाइल अपडेशन, पुस्तक एवं गणवेश वितरण, छात्रवृत्ति, स्वच्छ एवं हरित विद्यालय, मध्यान्ह भोजन, छात्रावास, निर्माण कार्य, पेयजल, विद्युत एवं शौचालय सहित विभिन्न बिंदुओं पर विभागीय प्रगति की समीक्षा की गई।

30 सितंबर तक शत-प्रतिशत नामांकन और पुस्तक वितरण के निर्देश

सीईओ ने 30 सितंबर तक शत-प्रतिशत नामांकन एवं पुस्तक वितरण पूरा करने के निर्देश दिए। गणवेश वितरण के लिए शेष विद्यार्थियों के खाता सत्यापन का कार्य 10 अक्टूबर तक पूरा करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अपार आईडी जनरेशन की प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा गया।

उन्होंने सभी विद्यालयों का स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के रूप में पंजीयन तथा प्रशस्त एप पर शिक्षकों का ऑनबोर्डिंग भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कम प्रगति वाले विकासखंडों पर जताई नाराजगी

सिहावल एवं रामपुर नैकिन विकासखंडों में कार्यों की कम प्रगति पर सीईओ ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

रामपुर नैकिन में अपार आईडी एवं नामांकन की प्रगति बढ़ाने तथा पात्र बालिकाओं का शीघ्र नामांकन सुनिश्चित करने को कहा गया।

लापरवाही पर नोटिस और वेतन काटने के निर्देश

शैक्षणिक भ्रमण एवं मॉनिटरिंग में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विगत तीन माह में एक भी शैक्षणिक भ्रमण नहीं करने वाले डाइट व्याख्याता विजय कृष्ण शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

वहीं प्रशस्त एप में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर मोबाइल स्रोत सलाहकार बृजेश कुमार त्रिपाठी का 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित संबंधित अमले को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया।

स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं पर भी जोर

सीईओ ने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, शौचालयों की क्रियाशीलता, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की कार्यवार एवं वर्षवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही अतिक्रमण एवं जर्जर भवनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली समीक्षा बैठक तक अपेक्षित सुधार नहीं होने पर लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध निलंबन एवं विभागीय जांच सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button