सीधी पुलिस की कार्रवाई: झाड़ियों में छिपाकर रखी थी नशीली कफ सिरप, 2 आरोपी गिरफ्तार

सीधी: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामपुर नैकिन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली कफ सिरप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,015 रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई रीवा जोन में चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के तहत की गई। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देश, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन में जिलेभर में नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 को थाना रामपुर नैकिन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घूंघटा रोड क्षेत्र में कुछ लोग अवैध नशीली कफ सिरप छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी की गई।
घूंघटा रोड पुलिया के पास पुलिस को देखकर दो युवक भागने और छिपने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इसराइल पिता मो. शाहिद एवं मो. एहसान पिता मोहम्मद जुनूम निवासी कस्बा रामपुर नैकिन के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पास की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक पॉलीथीन बरामद की गई, जिसमें 15 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप रखी हुई थी। पुलिस ने मौके पर कफ सिरप जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में थाना रामपुर नैकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी, सउनि. अनंतलाल प्रजापति, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक प्रसन्न मिश्रा एवं नायक शशिशेखर उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




