नशीली कफ सिरप पर प्रशासन सख्त, मेडिकल संचालकों को दी चेतावनी

सीधी। सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में बढ़ते नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। सोमवार शाम करीब 4 बजे थाना कुसमी परिसर में मेडिकल स्टोर संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी, तहसीलदार नारायण सिंह और नायब तहसीलदार टोप्पो सहित क्षेत्र के मेडिकल संचालक मौजूद रहे।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने मेडिकल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना डॉक्टर की पर्ची के किसी भी व्यक्ति को नशीली कफ सिरप या अन्य प्रतिबंधित दवाइयां न बेची जाएं। इसके साथ ही 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी प्रकार की दवा देने में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।
अधिकारियों ने मेडिकल संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बार-बार संदिग्ध तरीके से कफ सिरप या नशे से जुड़ी दवाइयों की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। प्रशासन ने साफ कहा कि क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार को रोकने में मेडिकल दुकानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसीलदार नारायण सिंह ने बताया कि कुसमी क्षेत्र में नशीली कफ सिरप के अवैध उपयोग और बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पहले चरण में मेडिकल संचालकों को जागरूक करने और नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाने की पहल शुरू की है।
उन्होंने कहा कि युवाओं और कम उम्र के बच्चों को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए मेडिकल स्टोर संचालकों को दवाइयों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, संदिग्ध ग्राहकों पर नजर रखने और शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि बिना प्रिस्क्रिप्शन नशीली दवाइयों की बिक्री पाई गई, तो संबंधित मेडिकल स्टोर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




