गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का आरोप, उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी का मामला

Sidhi Gas Cylinder Black Marketing: सीधी जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। शिव सेना ने प्रशासन को शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
घरेलू सिलेंडर से गैस निकालकर कमर्शियल में भरने का आरोप
शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने बताया कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर उसे 19 और 35 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडरों में भरा जा रहा है।
इसके बाद इन कमर्शियल सिलेंडरों को बाजार में कई गुना अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है।
उपभोक्ताओं को कम गैस देकर ठगी का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उपभोक्ताओं को दिए जाने वाले सिलेंडरों में 2 से 3 किलोग्राम तक गैस कम भरी जा रही है।
इससे आम लोगों को सीधा आर्थिक नुकसान हो रहा है और यह उपभोक्ता अधिकारों का गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है।
गैस एजेंसी की भूमिका पर भी उठे सवाल
शिवसेना ने आशंका जताई है कि इस पूरे मामले में गैस एजेंसी संचालकों और उनके कर्मचारियों की संलिप्तता हो सकती है।
बताया गया है कि इस संबंध में कुछ वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं, जो जांच में अहम साबित हो सकते हैं।
प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग
इस मामले को लेकर जिला कलेक्टर के नाम गोपद बनास एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है।
शिवसेना ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
जल्द सबूत पेश करने का दावा
शिकायतकर्ताओं ने दावा किया है कि वे जल्द ही पूरे प्रमाण और वीडियो के साथ इस मामले को सार्वजनिक करेंगे, जिससे कथित घोटाले का खुलासा हो सके।
ये रहे मौजूद पदाधिकारी
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल, जिला महामंत्री सुनील रावत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




