24 घंटे में गायब नाबालिग बालिका बरामद, कमर्जी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महज 24 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामला 26 अप्रैल 2026 का है, जब ग्राम बघेड़ा निवासी सीता कोल ने थाना कमर्जी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग पुत्री (जन्म 07 जून 2010) रात करीब 10 बजे परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गई थी। देर रात करीब 1 बजे परिजनों को पता चला कि बालिका घर से बाहर निकलकर खेत की ओर जा रही है। इसके बाद परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
परिजनों को आशंका थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए अपराध दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की।
24 घंटे में मिला रिजल्ट मुस्कान अभियान के तहत थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संभावित स्थानों पर सघन तलाश की गई। तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार खोजबीन जारी रखी गई।
पुलिस के प्रयासों का परिणाम यह रहा कि 27 अप्रैल 2026 को बालिका को ग्राम बघेड़ा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे विधिवत परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस की अपील पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है और लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस पूरी कार्रवाई में थाना कमर्जी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




