प्रतिमा क्षति मामले में शिवसेना का ज्ञापन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

मझरेटी समर दहियन स्थित वीर हनुमान स्वामी मंदिर में प्रतिमा तोड़े जाने की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही शिवसेना पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी शेरा खान के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में नई प्रतिमा स्थापित कर विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था को पुनर्स्थापित किया जा सके।
शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने आरोप लगाया कि यह तीसरी बार है जब शेरा खान द्वारा मंदिर को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक भावनाओं को आहत करने का गंभीर मामला है और आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) सहित कठोर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जिला बदर की कार्रवाई तथा उसकी निजी संपत्ति सीज की जाए।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि घटना के पीछे किसी संगठित साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, जिसकी निष्पक्ष और गहन जांच की आवश्यकता है। शिवसेना पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
घटना के बाद क्षेत्र में कई सवाल भी उठ रहे हैं। यदि यह तीसरी घटना है तो पूर्व में क्या कार्रवाई की गई? मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब तक क्या कदम उठाए गए? क्या इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई है? इन प्रश्नों को लेकर स्थानीय नागरिकों में चिंता देखी जा रही है।
शिवसेना ने समाज के सभी वर्गों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को उदाहरणात्मक दंड मिलना चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व धार्मिक स्थलों की गरिमा भंग करने का दुस्साहस न कर सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।




