सीधी: ‘प्रहार 2.0’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में अवैध शराब के 104 मामले दर्ज

सीधी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान प्रहार 2.0 के तहत सीधी पुलिस ने शनिवार को जिलेभर में एकदिवसीय सघन अभियान चलाते हुए अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 104 अलग-अलग मामलों में 104 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 444 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान के लिए 30 से अधिक विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.37 लाख रुपये आंकी गई है। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि प्रहार 2.0 अभियान के तहत अवैध शराब और नशीले पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज को नशे से मुक्त करने के उद्देश्य से पुलिस की यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
इस व्यापक कार्रवाई में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा उनकी टीमों की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस एकदिवसीय सघन कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।




