वन व पर्यावरण संरक्षण को लेकर भैंसाहुड जंगल में ‘अनुभूति कार्यक्रम’ आयोजित

सिहावल: विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत वन विभाग रेंज जियावन के तत्वावधान में गुरुवार को भैंसाहुड जंगल में ‘अनुभूति कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान रेंज ऑफिसर अभिषेक तिवारी ने छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को वन, वन्य प्राणी, पर्यावरण संरक्षण तथा जंगलों के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ‘अनुभूति कार्यक्रम’ के उद्देश्य और इसके माध्यम से प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार भी वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि विधायक विश्वामित्र पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि वन, वन्य जीव और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन जागरूकता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को इस कार्यक्रम से मिली जानकारी और अनुभव अपने परिवार व गांव तक पहुंचाना चाहिए, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जियावन रमापति साहू, रेंज ऑफिसर अभिषेक तिवारी, प्राचार्य राजपति सिंह, डिप्टी रेंजर जगमोहन सिंह एवं सतेंद्र सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




