सीधी के 1.04 लाख पेंशन हितग्राहियों के खातों में पहुंचे 6.29 करोड़ रुपये
संबल योजना के 78 हितग्राहियों को 1.76 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता; मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर से सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की राशि

सीधी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर जिले के कुलैथ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित की। इस दौरान प्रदेश के 34 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों को 207 करोड़ रुपये तथा संबल योजना के 7 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों को 175 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता दी गई।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सीधी कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में किया गया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और हितग्राही उपस्थित रहे।
जिले के 1,04,947 पेंशन हितग्राहियों को मिला लाभ
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत सीधी जिले के 1 लाख 4 हजार 947 पात्र हितग्राहियों के खातों में कुल 6 करोड़ 29 लाख 68 हजार 200 रुपये अंतरित किए गए। प्रत्येक पात्र हितग्राही को 600 रुपये प्रतिमाह के मान से पेंशन राशि प्रदान की गई।
जनपद पंचायतवार लाभार्थियों में कुसमी के 7,085, मझौली के 14,236, रामपुर नैकिन के 21,495, सीधी के 27,833 और सिहावल के 28,692 हितग्राही शामिल हैं।
नगरीय निकायों में सीधी के 2,280, मझौली के 1,159, चुरहट के 1,177 और रामपुर नैकिन के 990 हितग्राहियों के खातों में भी पेंशन राशि अंतरित की गई।
इन पेंशन योजनाओं के हितग्राही हुए लाभान्वित
योजनावार लाभार्थियों में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 56,218, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 10,440, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तजन पेंशन योजना के 2,051 और मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना के 662 हितग्राही शामिल हैं।
इसके अलावा मंदबुद्धि/बहुविकलांग को आर्थिक सहायता योजना के 1,615, सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना के 7,302, सामाजिक सुरक्षा परित्यक्ता पेंशन योजना के 282, सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन योजना के 7,494, दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता राशि के 2,426, सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना के 16,437 और मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन योजना के 20 हितग्राहियों को लाभ मिला।
संबल योजना के 78 हितग्राहियों को 1.76 करोड़ की सहायता
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत सीधी जिले के 78 हितग्राहियों के खातों में कुल 1 करोड़ 76 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई।
जनपद पंचायत सीधी के 24 हितग्राहियों को 54 लाख रुपये, सिहावल के 20 हितग्राहियों को 44 लाख रुपये, रामपुर नैकिन के 7 हितग्राहियों को 18 लाख रुपये, मझौली के 9 हितग्राहियों को 18 लाख रुपये और कुसमी के 10 हितग्राहियों को 24 लाख रुपये दिए गए।
वहीं नगरीय निकायों में नगर पालिका परिषद सीधी के 3 हितग्राहियों को 6 लाख रुपये तथा नगर पंचायत चुरहट के 5 हितग्राहियों को 12 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई।




