त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, सीधी के 4 होटलों से मिठाई-नमकीन के नमूने लिए
छेना, मिल्क केक, पेड़ा और नमकीन सहित कई खाद्य पदार्थ जांच के लिए भेजे जाएंगे; मिलावट मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई

सीधी। दीपावली और त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच कर रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी ने सीधी विकासखंड के चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुधाकर होटल से छेना, मिल्क केक और पेड़ा, न्यू भारत होटल से इलायची पेड़ा और रसभरी, रामा स्वीट्स से छेना और मिल्क केक तथा परिहार होटल से मूंग मिक्सचर, मिक्सचर नमकीन और सलोनी के नमूने लिए गए।
साफ-सफाई और भंडारण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के उचित रखरखाव, साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और पैकिंग एवं लेबलिंग से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की हिदायत भी दी।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
सभी लिए गए नमूनों को गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के विपरीत पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, त्योहारी सीजन में मिलावट की रोकथाम और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जिलेभर में निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




