सीधी पुलिस की कार्रवाई, 251 शीशी कफ सिरप जब्त

सीधी। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘अभियान प्रहार 2.0’ के तहत सीधी पुलिस ने सेमरिया थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 251 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई सीधी पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बढ़ौरा बनिया डोल निवासी एक व्यक्ति द्वारा अवैध नशीली कफ सिरप का भंडारण किया गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी जगदीश उर्फ बेबी भुजवा (45 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के बताए स्थान पर तलाशी ली गई, जहां खेत की मेड़ के पास झाड़ियों और डिब्बों में छिपाकर रखी गई 251 शीशी ‘आनरेक्स’ कफ सिरप बरामद की गई।
जप्त सामग्री
- 251 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप (अनुमानित कीमत ₹1,25,500)
- 01 हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल
- 01 कीपैड मोबाइल
कुल जप्त संपत्ति: लगभग ₹1,56,000
कानूनी कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22, 29 तथा ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
सीधी पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के विरुद्ध अभियान में सहयोग करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।




