पटवारी रिश्वत मामला: 30 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

मंदसौर, मध्य प्रदेश। मंदसौर पटवारी रिश्वत मामला में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने सुवासरा तहसील कार्यालय में एक पटवारी को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त के अनुसार, 16 फरवरी को ग्राम धलपत निवासी दिनेश चंद्र जोशी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके बड़े भाई स्व. भगवती प्रसाद की कोई संतान नहीं थी और उन्होंने आनंद जोशी को दत्तक पुत्र बनाया था। भाई के नाम दर्ज कृषि भूमि का नामांतरण दत्तक पुत्र के नाम करवाने के लिए जब वे हल्का पटवारी हरीश पाटीदार से मिले, तो नामांतरण के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। 18 फरवरी 2026 को सुवासरा तहसील कार्यालय में आरोपी पटवारी को आवेदक से 30 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया।
फिलहाल आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।




