सीधी

रास्ते के विवाद ने लिया खतरनाक मोड़: घर में आगजनी के बाद ग्रामीणों का चक्का जाम, प्रशासन पर उठे सवाल

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले के मझौली जनपद पंचायत अंतर्गत जोगीपहाड़ी गांव में रास्ते और जमीन के पुराने विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के खपरैल मकान में आग लगा दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने मझौली-मड़वास मार्ग पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

AR News live

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दादर के जोगीपहाड़ी गांव में दो साकेत परिवारों के बीच लंबे समय से रास्ते के चौड़ीकरण और भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। पीड़ित अवधेश साकेत ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर उन्होंने 18 और 19 जून को पथरौला चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रविवार सुबह करीब 5:30 बजे विवादित पक्ष के लोगों ने महिलाओं को आगे कर उनके घर में आग लगा दी। देखते ही देखते खपरैल मकान आग की लपटों में घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही मड़वास थाना पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।

घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने मझौली-मड़वास मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर मार्ग बहाल कराया गया।

पुलिस ने आगजनी के आरोपों की जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शुरुआती शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो मामला इस स्तर तक नहीं पहुंचता। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों के समय पर समाधान और प्रशासनिक हस्तक्षेप की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button