गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की बल्कर से टक्कर, बड़ा विस्फोटक हादसा टला; दो चालक गंभीर

Sidhi News: सीधी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़बड़ो गांव के पास शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रसोई गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक और एक बल्कर वाहन के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक में लदे गैस सिलेंडरों में विस्फोट नहीं होने से बड़ी जनहानि टल गई।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हड़बड़ो गांव के समीप गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक और बल्कर वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गंभीर घायलों को रीवा किया गया रेफर
दुर्घटना में घायल दोनों चालकों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।
सिलेंडरों में विस्फोट होता तो हो सकती थी बड़ी तबाही
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर भरे हुए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुर्घटना के बाद सिलेंडरों में आग लग जाती या विस्फोट हो जाता, तो आसपास के मकानों और राहगीरों को भारी नुकसान पहुंच सकता था। लोगों ने इसे किसी बड़े खतरे से बचाव बताया है।
रॉन्ग साइड से आने की चर्चा
स्थानीय निवासी दीपक तिवारी ने बताया कि बल्कर वाहन कथित तौर पर गलत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उपनिरीक्षक विवेक पांडे ने बताया कि दोनों वाहनों के बीच टक्कर होने की पुष्टि हुई है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बल्कर वाहन का पंजीयन क्रमांक MP17 ZR 9493 तथा गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक का पंजीयन क्रमांक MH40 CM 7231 है।
प्रमुख बिंदु
- हड़बड़ो गांव के पास हुआ भीषण सड़क हादसा
- गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक और बल्कर में आमने-सामने टक्कर
- दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल
- जिला अस्पताल से रीवा रेफर
- सिलेंडरों में विस्फोट नहीं होने से टला बड़ा हादसा
- पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी




