मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 जनवरी को बहरी में देंगे विकास की बड़ी सौगात, 21322.18 लाख रुपये से अधिक के 714 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

सीधी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 जनवरी 2026 को सीधी जिले के बहरी में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। इस अवसर पर 21322.18 लाख रुपये की लागत से जुड़े 714 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से बहरी में आयोजित होगा, जिसकी सभी तैयारियाँ जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री करेंगे 179 कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 6801.40 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 179 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। ये कार्य अनुसूचित जाति, आदिवासी, जनजातीय कार्य, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा जिला पंचायत वाटरशेड जैसे विभागों से संबंधित हैं। इनसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, भवन एवं ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
30 नए विकास कार्यों का होगा शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा 13362.67 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित 30 विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (पीएम कृषि सिंचाई योजना – वाटरशेड), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीआईयू विभाग और लोक निर्माण विभाग के कार्य शामिल हैं।
‘एक बगिया मां के नाम’ योजना से 505 हितग्राही होंगे लाभान्वित
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के अंतर्गत 505 हितग्राहियों को 1158.11 लाख रुपये की सहायता राशि से लाभान्वित करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के हितग्राहियों के लिए प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिससे शासकीय योजनाओं की जानकारी सीधे लाभार्थियों तक पहुँच सके।
कई जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक विश्वामित्र पाठक (सिहावल), रीती पाठक (सीधी), कुंवर सिंह टेकाम (धौहनी), अजय सिंह (चुरहट), जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी तथा वरिष्ठ समाजसेवी देवकुमार सिंह चौहान उपस्थित रहेंगे।




