मुख्यमंत्री के बहरी दौरे से पहले पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने संभाला मोर्चा, कार्यक्रम स्थल का किया सुरक्षा निरीक्षण

बहरी: 9 जनवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बहरी आगमन को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग व्यवस्था, पार्किंग स्थल, वीआईपी मूवमेंट, पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम सहित सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा बिंदुओं का बारीकी से अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा में कोई चूक नहीं: एसपी
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो और हर अधिकारी अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाए।
यातायात और भीड़ नियंत्रण की विशेष योजना
एसपी ने निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए डायवर्जन प्लान समय रहते लागू किया जाए। साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए पृथक कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। महिला, बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
आपात स्थिति से निपटने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) और अन्य आपात सेवाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीओ कुसमी विकास आनंद, एसडीओ सिहावल प्रिया पाठक, एसडीओ गोपद बनास राकेश शुक्ला, एसडीओ चुरहट शैलेश द्विवेदी, थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।




