सीधी में दिनदहाड़े हत्या का खुलासा: 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

सीधी। कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भगवार में हुई दिनदहाड़े हत्या की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का गड़ासा भी बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा प्रभारी एसडीओपी कुसमी रवि प्रकाश कोल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक अरूणा द्विवेदी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे फरियादी धीरेश कुमार द्विवेदी ने सूचना दी कि ग्राम भगवार में आरोपी कामता प्रसाद केंवट उर्फ लाला ने उसके चाचा पर लोहे के गड़ासे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने वालों को धमकाते हुए आरोपी मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन ने घायल को मृत अवस्था में पाया।
सूचना पर थाना कुसमी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार जब्त किया गया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




