MP में अवैध खेती पर प्रहार: 5900 गांजा पौधे जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

खरगोन, मध्य प्रदेश। खरगोन गांजा खेती कार्रवाई के तहत पुलिस ने महाराष्ट्र सीमा से लगे पहाड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर 5900 अवैध पौधे जब्त किए हैं। जब्त फसल का कुल वजन 2979 किलो 840 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 49 लाख रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि हेलापड़ावा चौकी क्षेत्र के शेडो एरिया में अवैध खेती की जा रही है। यह इलाका नेटवर्क विहीन और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है।
सूचना के बाद “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। पहली कार्रवाई ग्राम सेन्द्रीयाघाटी गुवाड़ा में की गई, जहां से 5500 पौधे (वजन 2811 किलो) जब्त किए गए। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 40 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।
दूसरी कार्रवाई ग्राम तिखली बैडी पीडी जामली में हुई, जहां से 400 पौधे (वजन 168 किलो 840 ग्राम) बरामद हुए। इनकी कीमत करीब 8 लाख 49 हजार 200 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने जुवानसिंग रंधावे निवासी सेन्द्रीयाघाटी गुवाड़ा और मांगीलाल किराड़े निवासी तिखली बैडी पीडी जामली को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




